
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के फिल्म जगत और उभरते कलाकारों के लिए एक नई पहल की गई है। राजधानी देहरादून के नथनपुर स्थित रिंग रोड पर आधुनिक निजी फिल्म स्टूडियो का शुभारंभ किया गया है। प्रवासी उत्तराखंडी, उद्योगपति एवं अभिनेता देव रतूड़ी ने अपने गृह राज्य में इस अत्याधुनिक फिल्म स्टूडियो की स्थापना की है।

स्टूडियो के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अभिनय और फिल्म निर्माण की तकनीकी बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को प्रशिक्षण के लिए मुंबई या दक्षिण भारत जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।




इस अवसर पर देव रतूड़ी ने प्रदेश सरकार की फिल्म नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही 50 प्रतिशत सब्सिडी और सिंगल विंडो सिस्टम के चलते उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर फिल्मों का निर्माण हो रहा है।

देव रतूड़ी ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। साथ ही उत्तराखंड की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच भी मिल रहा है।



नवनिर्मित फिल्म स्टूडियो में हिंदी और गढ़वाली फिल्मों के अलावा म्यूजिक एल्बम एवं डॉक्यूमेंट्री का निर्माण किया जाएगा। इस पहल से उत्तराखंड की लोकभाषा, लोकसंस्कृति और स्थानीय कहानियों को सिनेमा के माध्यम से व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
स्टूडियो में मुंबई की एक प्रतिष्ठित एक्टिंग अकादमी के सहयोग से स्थानीय युवाओं को अभिनय का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके माध्यम से फिल्म जगत में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।



इसके साथ ही उत्तराखंड राज्य आंदोलन की ऐतिहासिक घटना रामपुर तिराहा कांड पर आधारित फिल्म ‘द उत्तराखंड स्टोरी’ (The Uttarakhand Story) के निर्माण पर भी काम शुरू हो गया है। फिल्म के माध्यम से घटना के 32 वर्षों बाद भी अनसुलझे पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।

फिल्म का निर्देशन अनुज जोशी कर रहे हैं। वहीं, स्थानीय कलाकारों की अभिनय प्रतिभा को निखारने के लिए मुंबई से जुड़े एक्टिंग ट्रेनर हर्षल पवार भी इस मुहिम में शामिल हुए हैं। उनके सहयोग से युवाओं को अभिनय की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
देहरादून में आधुनिक फिल्म स्टूडियो की स्थापना को उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा, स्थानीय प्रतिभाओं और फिल्म उद्योग के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इससे प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

