कुंभ की तैयारियों के बीच बहादराबाद बदहाल, मेला क्षेत्र में शामिल करने की उठी मांग

कुंभ की तैयारियों के बीच बहादराबाद बदहाल, मेला क्षेत्र में शामिल करने की उठी मांग

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर शासन और प्रशासन की ओर से तमाम दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धर्मनगरी के प्रमुख प्रवेश मार्ग बहादराबाद की बदहाल व्यवस्थाएं स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। गंदगी, क्षतिग्रस्त पुल और रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिक नरेश वर्मा ने बहादराबाद की समस्याओं को उठाते हुए प्रशासन से क्षेत्र को कुंभ मेला क्षेत्र में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए बहादराबाद में विकास कार्य कराए जाने बेहद जरूरी हैं।

नरेश वर्मा का कहना है कि बहादराबाद वर्ष 1974 से कुंभ मेला क्षेत्र का हिस्सा रहा है, लेकिन वर्ष 2021 के कुंभ मेले में क्षेत्र को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने आगामी कुंभ में बहादराबाद को उचित प्राथमिकता देने की मांग उठाई है।

बहादराबाद हरियाणा, पंजाब और सहारनपुर से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख प्रवेश मार्ग है। इसके बावजूद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी और यातायात संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, सड़कों पर लगने वाला भीषण जाम, जगह-जगह फैली गंदगी और क्षतिग्रस्त पुल क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं हैं। कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर इन समस्याओं के और गंभीर होने की आशंका है।

नरेश वर्मा ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण और एलिवेटेड रोड के निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि इन विकास कार्यों से स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी।

उन्होंने क्षेत्र में बस स्टॉप, सार्वजनिक शौचालय और बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की है। साथ ही बहादराबाद के विकास कार्यों के लिए कुंभ बजट में धनराशि आवंटित करने की अपील की है।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच बहादराबाद को मेला क्षेत्र में शामिल करने की मांग जोर पकड़ रही है। अब देखना होगा कि शासन और मेला प्रशासन स्थानीय नागरिकों की मांगों पर क्या कदम उठाते हैं और धर्मनगरी के इस प्रमुख प्रवेश मार्ग की व्यवस्थाओं में कब तक सुधार हो पाता है।