विनोद मेहरा बने भाजपा मीडिया संपर्क विभाग के प्रदेश सह संयोजक

विनोद मेहरा बने भाजपा मीडिया संपर्क विभाग के प्रदेश सह संयोजक

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने नैनीताल जिले के पूर्व जिला सह मीडिया प्रभारी विनोद मेहरा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें भाजपा मीडिया संपर्क विभाग का प्रदेश सह संयोजक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर जिले के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया है।

भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने मीडिया में बयान जारी कर विनोद मेहरा की नियुक्ति की जानकारी दी। उन्होंने इस नियुक्ति के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं समस्त प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि विनोद मेहरा को मीडिया के क्षेत्र में लंबा अनुभव है। पूर्व में जिला सह मीडिया प्रभारी रहते हुए उन्होंने पार्टी के मीडिया संबंधी कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में विधानसभा, लोकसभा और पंचायत चुनावों के दौरान विनोद मेहरा के मीडिया समन्वय का लाभ पार्टी को मिलता रहा है। उनके अनुभव और कार्यक्षमता को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है।

प्रताप बिष्ट ने विश्वास जताया कि विनोद मेहरा की प्रदेश सह संयोजक पद पर नियुक्ति से मीडिया संपर्क विभाग को मजबूती मिलेगी। साथ ही आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भी उनके अनुभव का लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा।

विनोद मेहरा की नियुक्ति पर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट और हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

इसके अलावा दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट, पूर्व मेयर जोगेंद्र रौतेला, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा सहित विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विनोद मेहरा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी है।

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच विनोद मेहरा की नियुक्ति को मीडिया संपर्क और संगठनात्मक समन्वय की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा पदाधिकारियों ने उनके अनुभव से प्रदेश स्तर पर पार्टी के मीडिया संपर्क कार्यों को और प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई है।