
स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

रामनगर के सरकारी चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विधायक निधि से 16 लाख रुपये से अधिक की धनराशि से महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण खरीदे गए हैं। शनिवार को विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने अस्पताल पहुंचकर इन उपकरणों को जनता को समर्पित किया।

सरकारी चिकित्सालय में उपकरणों की कमी के चलते मरीजों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने पूर्व में अपनी विधायक निधि से आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की घोषणा की थी।





विधायक ने बताया कि चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा ने अस्पताल में चिकित्सा उपकरणों की कमी से अवगत कराते हुए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके बाद विधायक निधि से 16 लाख रुपये से अधिक की धनराशि से उपकरणों की खरीद कराई गई।


अस्पताल में खरीदे गए उपकरणों में अल्ट्रासाउंड जांच से संबंधित उपकरण, स्ट्रेचर, व्हीलचेयर सहित कई अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण शामिल हैं। विधायक ने कहा कि अल्ट्रासाउंड की सुविधा बेहतर होने से मरीजों को निजी जांच केंद्रों पर जाने की जरूरत कम पड़ेगी।


विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे। भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सहयोग किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और उनकी प्राथमिकता आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से सरकारी चिकित्सालय में आवश्यक संसाधनों और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए चिकित्सा उपकरण मरीजों के उपचार में काफी उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने बताया कि विधायक के प्रयासों से अस्पताल में एक फिजिशियन ने भी कार्यभार ग्रहण कर लिया है।


सीएमएस ने बताया कि जल्द ही ईएनटी सर्जन और हड्डी रोग विशेषज्ञ भी अस्पताल में कार्यभार ग्रहण कर मरीजों को अपनी सेवाएं देंगे। इसके साथ ही उन्होंने विधायक से अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती कराने की मांग भी की।
विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती के संबंध में स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता करने और शीघ्र नियुक्ति कराने का आश्वासन दिया। अस्पताल में नए उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से रामनगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

