लालकुआं में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीण चिंतित, वन विभाग अलर्ट

लालकुआं में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीण चिंतित, वन विभाग अलर्ट

स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट

तराई पूर्वी वन प्रभाग की हल्द्वानी डिवीजन के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गुलदार और हाथियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए संभावित मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए वन विभाग अलर्ट हो गया है।

ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। वन कर्मियों द्वारा रात्रि पैदल गश्त के साथ-साथ वाहनों से पेट्रोलिंग भी तेज कर दी गई है, ताकि वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

जिन ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार दिखाई देने की सूचनाएं मिली हैं, वहां वन विभाग ने गुलदारों को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए हैं। विभाग की ओर से मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

तराई पूर्वी गौला रेंज के उप प्रभागीय वन अधिकारी अनिल कुमार जोशी ने बताया कि इन दिनों ग्रामीण इलाकों में गुलदार और हाथियों की सक्रियता बढ़ी है। कुछ स्थानों पर हाथियों ने किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुलदार प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर पिंजरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही वन विभाग की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं।

हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों और कृषि भूमि में प्रवेश करने से रोकने के लिए वन विभाग द्वारा संवेदनशील स्थानों पर सोलर फेंसिंग लाइट लगाने का कार्य भी किया जा रहा है। इसके माध्यम से हाथियों की आबादी वाले क्षेत्रों में आवाजाही रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके अलावा हाथियों को गांवों में प्रवेश करने से रोकने के लिए गहरी खाइयां भी खोदी गई हैं। वन विभाग इन उपायों के माध्यम से ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ ही किसानों की फसलों को वन्यजीवों से होने वाले नुकसान से बचाने में जुटा है।

उप प्रभागीय वन अधिकारी अनिल कुमार जोशी ने ग्रामीणों से विशेष रूप से शाम और रात के समय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में गुलदार, हाथी या अन्य जंगली जानवर दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

फिलहाल वन विभाग मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। विभाग ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने और वन कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।