
स्थान : लोहाघाट ( चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड परिवहन निगम के लोहाघाट डिपो में बसों की भारी कमी के चलते कई महत्वपूर्ण मार्गों पर बसों का संचालन बंद पड़ा है। इससे क्षेत्रीय जनता को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, परिवहन निगम की आय भी प्रभावित हो रही है।

डिपो में बसों की कमी और यात्रियों को हो रही परेशानियों को लेकर लोहाघाट व्यापार संघ ने गहरी नाराजगी जताई है। व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष जुकरिया के नेतृत्व में व्यापारियों ने रोडवेज कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों से बसों की स्थिति और बंद पड़े मार्गों के संबंध में जानकारी ली।




व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष जुकरिया ने बताया कि वर्तमान में लोहाघाट डिपो के पास मात्र 27 बसें हैं, जिनमें से नौ बसें अपनी निर्धारित संचालन अवधि पूरी कर चुकी हैं। बसों की कमी के कारण कई महत्वपूर्ण मार्गों पर परिवहन सेवाएं बाधित हैं।


उन्होंने बताया कि लोहाघाट से बरेली जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर भी बस का संचालन नहीं हो पा रहा है। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नियमित बस सेवाएं उपलब्ध नहीं होने से लोगों को आवागमन के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।


व्यापार संघ अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की ओर से लोहाघाट डिपो को मात्र चार नई बसें उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि डिपो को कम से कम 10 नई बसों की सख्त आवश्यकता है। व्यापारियों ने शासन-प्रशासन और परिवहन मंत्री से पर्याप्त संख्या में नई बसें उपलब्ध कराने की मांग की।

व्यापारियों ने परिवहन निगम के कार्यालय भवन के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि पुरानी बसें आए दिन बीच रास्ते में खराब हो रही हैं, जिसके चलते यात्रियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



वहीं, परिवहन निगम के वरिष्ठ लिपिक सूरजभान ने बताया कि सरकार की ओर से लोहाघाट डिपो को चार नई बसें आवंटित की गई हैं, जिनके अगले दिन तक डिपो पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि डिपो को कम से कम 15 अतिरिक्त बसों की आवश्यकता है।


सूरजभान ने कहा कि पर्याप्त बसें उपलब्ध होने पर बंद पड़े मार्गों पर दोबारा बसों का संचालन शुरू किया जा सकेगा। इससे क्षेत्रीय जनता को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलने के साथ ही परिवहन निगम की आय में भी बढ़ोतरी होगी।
फिलहाल लोहाघाट डिपो बसों की कमी से जूझ रहा है। व्यापार संघ ने जनहित में परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और पर्याप्त नई बसें उपलब्ध कराने की मांग की है। इस दौरान व्यापार संघ के कई पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।

