पंवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, 33 मकान चपेट में, 58 परिवार प्रभावित

पंवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, 33 मकान चपेट में, 58 परिवार प्रभावित

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र स्थित पंवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से भारी नुकसान हुआ है। आग की चपेट में 33 मकान आ गए हैं, जिससे 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

अग्निकांड की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद प्रदेश के आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक और आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. विनोद कुमार सुमन ने प्रभावित क्षेत्र का हवाई निरीक्षण कर अग्निकांड से हुए नुकसान की स्थिति का जायजा लिया।

आपदा प्रबंधन सचिव डॉ. विनोद कुमार सुमन ने बताया कि गांव में आग की चपेट में आए सभी मकान लकड़ी के बने हुए थे। एक मकान में आग लगने के बाद आसपास के अन्य मकान भी इसकी चपेट में आ गए।

लकड़ी के मकान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते 33 मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड से गांव के 58 परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।

डॉ. विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भीषण अग्निकांड के बावजूद किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, मकानों को पहुंचे नुकसान के कारण प्रभावित परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पीड़ित परिवारों को टेंट उपलब्ध कराने को कहा गया है।

इसके साथ ही जिला प्रशासन को प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल और आवश्यक खाद्य सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।

फिलहाल शासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और उनके रहने तथा खाने-पीने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की है। भीषण अग्निकांड के बाद पंवाणी गांव के प्रभावित परिवारों के सामने जनजीवन को दोबारा सामान्य बनाने की बड़ी चुनौती है।