ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करी के तीन आरोपी गिरफ्तार, चरस और स्मैक बरामद

ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करी के तीन आरोपी गिरफ्तार, चरस और स्मैक बरामद

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत देहरादून पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत विकासनगर और सेलाकुई पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 419.3 ग्राम अवैध चरस और 7.35 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसके साथ ही चरस तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पहली कार्रवाई विकासनगर कोतवाली पुलिस ने कैनाल रोड स्थित त्यागी फार्म हाउस के पास की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग करते हुए एक ऑल्टो के-10 कार को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस को कार से 419.3 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार में सवार हिमाचल प्रदेश के शिमला निवासी 51 वर्षीय बृजलाल और 39 वर्षीय दिनेश को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही कथित रूप से चरस तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई सेलाकुई थाना पुलिस ने रामसावाला क्षेत्र में की। नशा तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति की तलाशी ली, जिसके कब्जे से अवैध स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने 7.35 ग्राम अवैध स्मैक के साथ 34 वर्षीय मोहम्मद अजमल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी सहसपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चांचक का निवासी बताया गया है।

सेलाकुई पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अजमल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत देहरादून पुलिस ऑपरेशन प्रहार के माध्यम से नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर रोक लगाने में जुटी है। विकासनगर और सेलाकुई में हुई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है।