उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। शासन ने जहां आईएएस अधिकारियों के विभागों में परिवर्तन किया है, वहीं 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की है। सभी अधिकारियों को तत्काल नवीन कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत लालरिन लियाना फैनई को प्रमुख सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के साथ प्रमुख सचिव आबकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। दिलीप जावलकर से सचिव वित्त का प्रभार वापस लेते हुए उन्हें नियोजन और जलागम की जिम्मेदारी दी गई है। रंजीत कुमार सिन्हा को सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा तथा बृजेश कुमार संत को सचिव खेल एवं युवा कल्याण बनाया गया है।

आर. राजेश कुमार को सचिव आवास के साथ सचिव औद्योगिक विकास (खनन) और महानिदेशक खनन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। युगल किशोर पंत को सचिव संस्कृति के साथ सचिव तकनीकी शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रंजना राजगुरु को सचिव आयुष से हटाकर सचिव नियोजन बनाया गया है, जबकि अमित सिन्हा से विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण का प्रभार वापस लिया गया है।

रीना जोशी को अपर सचिव राज्यपाल और परिवहन के साथ अपर सचिव श्रम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। विनीत कुमार को अपर सचिव जलागम, अल्पसंख्यक कल्याण और अपर निदेशक एवं परियोजना निदेशक जलागम बनाया गया है। मनुज गोयल को उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के साथ वित्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। मेहरबान सिंह बिष्ट को अपर सचिव गृह तथा अभिनव शाह को पर्यटन के साथ सहकारिता और निबंधक सहकारिता का प्रभार सौंपा गया है।

बीएस चलाल को बाध्य प्रतीक्षा से हटाकर निदेशक दुग्ध विकास एवं निदेशक महिला डेयरी बनाया गया है। इलागिरी को निदेशक दुग्ध विकास से हटाकर आपूर्ति, आयुष, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों से संबंधित जिम्मेदारियां दी गई हैं। विक्रम सिंह यादव से अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण का प्रभार वापस लिया गया है, जबकि महिमा रौंकली को राजस्व और सैनिक कल्याण के साथ अपर सचिव वन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

पुलिस महकमे में हुए फेरबदल के तहत मणिकान्त मिश्रा को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर और अर्पण यदुवंशी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल बनाया गया है। देवेंद्र पींचा को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी और सरिता डोबाल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अमित श्रीवास्तव द्वितीय को पुलिस अधीक्षक चमोली तथा जगदीश चंद्र को पुलिस अधीक्षक बागेश्वर बनाया गया है।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी को सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर बनाया गया है। पंकज भट्ट को सेनानायक आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव, अमित श्रीवास्तव प्रथम को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना और श्वेता चौबे को सेनानायक आईआरबी द्वितीय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अजय गणपति कुमार को सेनानायक एसडीआरएफ बनाया गया है।

विशाखा अशोक भदाणे, जितेंद्र मेहरा और सुरजीत पंवार को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय बनाया गया है। सर्वेश पंवार को पुलिस अधीक्षक सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। हरीश वर्मा को सेनानायक 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर और शाहजहां जावेद खान को पुलिस अधीक्षक फायर सर्विस के पद पर तैनात किया गया है।

शासन की ओर से जारी प्रशासनिक फेरबदल के तहत संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बदलाव के बाद प्रदेश के कई महत्वपूर्ण विभागों और जिलों की प्रशासनिक एवं कानून-व्यवस्था संबंधी जिम्मेदारियां नए अधिकारियों के हाथों में होंगी।