
स्थान : उत्तरकाशी
ब्यूरो रिपोर्ट

मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और गांव में बुनियादी सुविधाएं बहाल करने के लिए जिला प्रशासन जुटा हुआ है। बुधवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अग्निकांड में 43 परिवार प्रभावित हुए हैं। हादसे में ग्रामीणों के मकानों के साथ ही उनके आवश्यक दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष यह समस्या रखी, जिस पर उन्होंने संबंधित विभागों को एक दिसंबर से गांव में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।





विशेष शिविरों के माध्यम से प्रभावित परिवारों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक अभिलेख दोबारा बनवाने में सहायता की जाएगी। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों को जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।


अग्निकांड के बाद गांव में रात के समय अंधेरा रहने से ग्रामीणों को आवागमन और सुरक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्युत विभाग ने गुरुवार को गांव के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और प्रभावित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा कर लिया। इसके साथ ही विद्युत आपूर्ति भी सुचारू कर दी गई है।



जिलाधिकारी ने गांव के संपर्क मार्ग को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए हैं। पशुपालन विभाग को प्रभावित परिवारों के दुधारू पशुओं सहित अन्य पशुधन का सर्वे करने को कहा गया है। इसके अलावा गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भी पवाणी गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई और उन्हें सामान्य जीवन में वापस लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।




विधायक ने बताया कि उन्होंने अग्निकांड के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर प्रभावित परिवारों को राहत राशि, उचित मुआवजा और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का विषय प्रमुखता से रखा है। उन्होंने कहा कि तत्काल राहत के साथ प्रभावितों के पुनर्वास के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि प्रभावित परिवारों के लिए गांव में कम्युनिटी किचन का संचालन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी गांव में तैनात हैं। प्रशासन की ओर से भोजन, अस्थायी आवास और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। राहत कार्यों में रेडक्रॉस का भी सहयोग लिया जा रहा है।

फिलहाल सभी संबंधित विभागों की टीमें गांव में तैनात हैं और जिला प्रशासन राहत एवं पुनर्वास कार्यों की लगातार निगरानी कर रहा है। बिजली आपूर्ति बहाल होने और स्ट्रीट लाइट लगने से ग्रामीणों को राहत मिली है। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर गांव में जनजीवन सामान्य बनाना है।

