
स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 24 दिनों से शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में गुरुवार को उस समय आक्रोश फैल गया, जब प्रशासन द्वारा चिन्हित धरना स्थल रैन बसेरे के मुख्य गेट पर दो ताले लटके मिले। धरना स्थल के भीतर प्रवेश नहीं मिलने पर कार्यकत्रियों ने कड़ाके की ठंड के बीच सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने आरोप लगाया कि बुधवार को लोहाघाट विधायक उनके आंदोलन को समर्थन देने धरना स्थल पर पहुंचे थे। कार्यकत्रियों का आरोप है कि इससे नाराज होकर सरकार के इशारे पर धरना स्थल के गेट पर ताले लगा दिए गए। इसके चलते उन्हें भारी ठंड के बीच सड़क पर बैठकर धरना देने को मजबूर होना पड़ा।





आक्रोशित कार्यकत्रियों ने कहा कि एक ओर सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा दे रही है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठाने के लिए उपलब्ध कराया गया धरना स्थल बंद किया जा रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन पर उनकी आवाज दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।


कार्यकत्रियों ने प्रशासन से धरना स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्हें धरने के लिए स्थान उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे सड़क के बीच बैठकर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


हालांकि, विरोध प्रदर्शन के बीच नगर पालिका द्वारा सुबह करीब 11:30 बजे रैन बसेरे का गेट खोल दिया गया। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने सड़क से हटकर रैन बसेरे के भीतर अपना धरना प्रदर्शन दोबारा शुरू कर दिया।

वहीं, आंदोलन के 25वें दिन उत्तराखंड क्रांति दल ने भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के आंदोलन को समर्थन दिया। यूकेडी जिलाध्यक्ष राजेंद्र पुनेठा और वरिष्ठ नेता दरबान रजबार ने धरना स्थल पर पहुंचकर कार्यकत्रियों का समर्थन किया तथा धरना स्थल पर ताला लगाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।




यूकेडी नेताओं ने सवाल उठाया कि जब प्रशासन द्वारा रैन बसेरे को धरना प्रदर्शन के लिए चिन्हित किया गया है, तो कार्यकत्रियों को वहां धरना देने से क्यों रोका गया। उन्होंने शासन-प्रशासन पर आंदोलन को दबाने का आरोप लगाते हुए इस कार्रवाई का विरोध किया और कार्यकत्रियों के लिए धरना स्थल सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना स्थल का गेट खुलने के बाद प्रदर्शन फिर से शुरू हो गया है। हालांकि, गेट पर ताले लगाए जाने के कारणों और कार्यकत्रियों द्वारा लगाए गए आरोपों पर शासन-प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।

