चकराता में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी बोलेरो, दो लोगों की मौत

चकराता में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी बोलेरो, दो लोगों की मौत

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद के चकराता क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। त्यूणी-मिनस मोटर मार्ग पर कालसी क्षेत्र के अंतर्गत धमोग के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन त्यूणी से विकासनगर की ओर आ रहा था। इसी दौरान धमोग के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही कालसी कोतवाली पुलिस और राहत-बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

गहरी खाई होने के कारण बचाव दल को घायलों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को उपचार के लिए कालसी और विकासनगर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।

वहीं, दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्तियों के शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

चकराता और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसलों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। संकरे और घुमावदार पर्वतीय मार्गों पर वाहन संचालन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

फिलहाल कालसी कोतवाली पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर खाई में गिरा। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।