
स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत बाजपुर कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8.26 ग्राम अवैध स्मैक और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बाजपुर कोतवाली पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की।




पुलिस अधीक्षक काशीपुर और पुलिस क्षेत्राधिकारी बाजपुर के दिशा-निर्देशन तथा कोतवाली प्रभारी जसविंदर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र सिंह रौतेला पुत्र निवासी वार्ड नंबर एक, कालाढूंगी, उम्र 32 वर्ष के कब्जे से 4.49 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई।


वहीं, दूसरे आरोपी विक्की निवासी नंदपुर नरका टोपा, बाजपुर, उम्र 25 वर्ष के कब्जे से 3.77 ग्राम अवैध स्मैक और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। दोनों आरोपियों से कुल 8.26 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।

नशा मुक्त देवभूमि अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य नशे के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लगाना और युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना है।



कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी जसविंदर सिंह, उपनिरीक्षक प्रहलाद सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह खड़ायत, राकेश सिंह रौंकली, अमित देवरानी और इरफान शामिल रहे।

बाजपुर कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

