रायशी में उत्तम शुगर मिल का गन्ना खरीद केंद्र न लगने पर किसानों में रोष

रायशी में उत्तम शुगर मिल का गन्ना खरीद केंद्र न लगने पर किसानों में रोष

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के कार्यकर्ताओं ने लक्सर शुगर मिल प्रबंधन और एक किसान संगठन के पदाधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उत्तम शुगर मिल का गन्ना खरीद केंद्र रायशी क्षेत्र में न लगने देने का विरोध किया है।

रायशी में आयोजित किसान यूनियन की पंचायत को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के वरिष्ठ नेता सुंदर नागर सहित अन्य नेताओं ने कहा कि रायशी क्षेत्र के छोटे और सीमांत किसान गन्ना बेचने के लिए भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। किसानों को दूर-दराज के केंद्रों तक गन्ना ले जाना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।

नेताओं ने कहा कि रायशी क्षेत्र के किसानों द्वारा लंबे समय से गांव में ही उत्तम शुगर मिल का गन्ना खरीद केंद्र स्थापित कराने की मांग की जा रही है, लेकिन लक्सर शुगर मिल के अधिकारियों और भारतीय किसान संघ के कुछ पदाधिकारियों के विरोध के चलते यह केंद्र अब तक नहीं लग पाया है।

किसान नेताओं का आरोप है कि इस स्थिति के कारण सैकड़ों गरीब किसान प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांग के अनुरूप रायशी क्षेत्र में उत्तम शुगर मिल का गन्ना तोल केंद्र स्थापित नहीं किया गया, तो संगठन द्वारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और शुगर मिल प्रबंधन की होगी।