भुजिया घाट–सूर्य गांव में अवैध निर्माण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

भुजिया घाट–सूर्य गांव में अवैध निर्माण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भुजिया घाट स्थित सूर्य गांव क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन द्वारा सभी अवैध निर्माण कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है और संबंधित निर्माणकर्ताओं को नोटिस भी जारी किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में अवैध निर्माण को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित की जा रही थीं, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। खबरों के असर के बाद एसडीएम नैनीताल ने राजस्व भूमि पर बनाए जा रहे एक रेस्टोरेंट और सूर्य गांव के पास बिना जिला पंचायत से नक्शा पास कराए बनाए जा रहे होटल के निर्माण का संज्ञान लिया।

एसडीएम नैनीताल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाया और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, दोनों ही निर्माण पूर्ण रूप से अवैध बताए जा रहे हैं। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि भुजिया घाट–सूर्य गांव क्षेत्र में यह अवैध निर्माण किसकी मिलीभगत से कराया जा रहा था।

अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि जांच के बाद अवैध निर्माण पर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ किस स्तर तक कार्रवाई की जाती है।