हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर सचिवालय में हाई लेवल बैठक

हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर सचिवालय में हाई लेवल बैठक

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने रफ्तार तेज कर दी है। इस सिलसिले में सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ मेले से जुड़े सभी विभाग अपने-अपने कार्य तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करें। इसके लिए 31 अक्टूबर तक की डेडलाइन तय की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पांडे ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि सचिवालय में हुई इस बैठक में कुंभ से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कुंभ आयोजन सुचारु और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

उन्होंने बताया कि कुंभ हमारी आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है और यहां आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और आपदा प्रबंधन जैसी सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार का लक्ष्य है कि कुंभ 2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उत्तराखंड की छवि एक बेहतर आयोजन के रूप में उभर सके।