सितारगंज में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित

सितारगंज में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित

स्थान : सितारगंज
ब्यूरो रिपोर्ट

राज्य सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत सितारगंज में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। सोमवार को श्रीरामलीला मैदान में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया।

शिविर के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान कई लंबित शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे लोगों ने राहत महसूस की।

बहुउद्देशीय शिविर में श्रम, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, डेयरी, कृषि, समाज कल्याण, वन, राजस्व, सहकारिता, बैंकिंग, आयुष, होम्योपैथी, मत्स्य, सेवायोजन तथा आपदा प्रबंधन सहित अनेक विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सेवाएं उपलब्ध कराईं।

चिकित्सा विभाग, आयुष, डेयरी, पशुपालन और होम्योपैथी विभागों के माध्यम से बड़ी संख्या में लाभार्थियों को स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं का लाभ मिला। शिविर में स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार संबंधी सेवाएं भी प्रदान की गईं।

इसके अलावा शिविर में आधार कार्ड बनाने, संशोधन कराने तथा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के तहत पंजीकरण जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं, जिससे आम जनता को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन और जनता के बीच की दूरी कम हो रही है और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।