पछवादून में सरकारी और निजी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला, प्रशासन ने की कार्रवाई

पछवादून में सरकारी और निजी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला, प्रशासन ने की कार्रवाई

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून के पछवादून क्षेत्र में सरकारी और खाली पड़ी जमीनों पर कब्जे के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला शेरपुर क्षेत्र का है, जो नेशनल हाईवे के पास स्थित है। यहां एसटी समाज के 26 लोगों द्वारा वर्ष 2013 में खरीदी गई जमीन पर कथित अवैध कब्जे के आरोप लगे हैं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जमीन की बाउंड्री तोड़कर एक व्यक्ति द्वारा टाइल फैक्ट्री का निर्माण किया जा रहा था। इसके अलावा, आसपास की खाली जमीनों पर प्लाटिंग का काम भी किया जा रहा था, जिससे खरीदारों में चिंता और आक्रोश फैल गया।

मामले की शिकायत डीएम देहरादून और एसडीएम विकासनगर से की गई। शिकायत के बाद प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए फैक्ट्री को फिलहाल बंद करवा दिया है। इसके साथ ही कथित अवैध निर्माण और प्लाटिंग पर सीलिंग की कार्रवाई की भी संभावना है।

जिला प्रशासन ने नोटिस जारी कर कहा है कि वे कानूनी तरीके से जमीन का सत्यापन करेंगे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि किसी भी अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2013 में जमीन कानूनी तरीके से खरीदी थी, लेकिन अब उस पर कब्जे की कोशिश से वे मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं।

स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि वे जल्द से जल्द मामले का निपटारा करें और खरीदारों को उनके अधिकार की रक्षा सुनिश्चित करें।

अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।