लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना, 7 लोग घायल

लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना, 7 लोग घायल

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)

ब्यूरो रिपोर्ट

लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार दोपहर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

धारचूला से सितारगंज की ओर जा रही स्कार्पियो और टनकपुर से पिथौरागढ़ जा रही एसयूवी 700 के बीच सिंगदा के पास आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

इस हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व उप निरीक्षक नीरज कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय जन सहयोग से सभी घायलों को लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

चिकित्सालय में डॉक्टर विराज राठी के नेतृत्व में घायलों का उपचार किया जा रहा है।

छह घायलों का प्राथमिक उपचार वहीं किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को पिथौरागढ़ अस्पताल रेफर किया गया।

मेडिकल टीम के अनुसार, हादसे में भागीरथी देवी का हाथ टूट गया है।

पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हैं और बाकी घायलों को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घायलों में भागीरथी एतवाल (42) निवासी नेपाल, पार्वती देवी (55) निवासी नेपाल, नरेश जोशी (महेंद्र नगर), लक्ष्मी (महेंद्र नगर), बिसनी देवी (48) सितारगंज और वैष्णवी (8 वर्ष) शामिल हैं।

सूचना मिलने के बाद चीता पुलिस के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और अशोक वर्मा भी चिकित्सालय पहुंचे और उन्होंने घटना और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

डॉक्टर विराज राठी ने कहा कि सभी का उपचार जारी है

और गंभीर रूप से घायल महिला का पिथौरागढ़ अस्पताल में विशेष उपचार किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अन्य घायलों की हालत स्थिर है और कोई खतरा नहीं है।