
लोकेशन : लंढौरा
ब्यूरो रिपोर्ट
लंढौरा विद्युत उपखंड कार्यालय में स्मार्ट मीटर शिकायत निवारण और जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी और उन्हें स्मार्ट मीटर से होने वाले फायदों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।


शिविर में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर, ऑनलाइन बिल भुगतान और विद्युत चोरी से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया। एसडीओ गुलशन बुलानी ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में कुछ भ्रांतियां फैली हुई हैं, जिसके कारण कई लोग स्मार्ट मीटर लगवाने से बच रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर घर में स्मार्ट मीटर लगवाना समय की आवश्यकता है।


एसडीओ ने बताया कि स्मार्ट मीटर में सटीक बिलिंग की व्यवस्था है और उपभोक्ता घर बैठे प्रतिदिन की बिजली खपत देख सकता है। इसके अलावा, मीटर बदलवाने में कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा और पावर कट या विद्युत व्यवधान की जानकारी मोबाइल पर समय-समय पर मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर में पूरी पारदर्शिता रखी गई है और उपभोक्ताओं का विश्वास सुनिश्चित किया गया है।


शिविर में अधिकारियों ने बिजली चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान और पकड़े जाने पर होने वाली कार्रवाई की भी जानकारी दी। इस दौरान अवर अभियंता विनोद कुमार, नसीम अहमद, संजना, परीक्षण शाला दिनेश सिंह, गौरव पुंडीर, हैदर अली सहित विद्युत उपखंड के सभी कर्मचारी और बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित रहे।


अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर का लाभ उठाएं और बिजली चोरी रोकने में सहयोग करें, जिससे विद्युत सेवा बेहतर और पारदर्शी बन सके।


