
स्थान : सेलंग ज्योर्तिमठ
ब्यूरो रिपोर्ट

जोशीमठ नगर के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले सेलंग गांव में आज एक अहम सामाजिक निर्णय लिया गया।

गांव में आयोजित खुली आम बैठक में सार्वजनिक कार्यों के दौरान शराब पीने, पिलाने, परोसने और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय सर्वसम्मति से पारित किया गया।

यह बैठक ग्राम प्रधान रोशना देवी एवं महिला मंगलदल अध्यक्षा की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें ग्राम सभा के सदस्यों ने ध्वनिमत से शराबबंदी के प्रस्ताव का समर्थन किया।

बैठक में गांव के सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक कार्यक्रमों को नशा मुक्त रखने पर जोर दिया गया।


पारित प्रस्ताव के अनुसार शादी-विवाह, मुंडन संस्कार, सार्वजनिक पूजा, सामूहिक आयोजन और ऐसे सभी कार्यक्रम जिनका समाज से सीधा जुड़ाव होता है,

उनमें शराब पीने, पिलाने, परोसने और बेचने पर सख्त रोक रहेगी। इसके साथ ही गांव में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ के विक्रय पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रस्ताव में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति इस निर्णय का उल्लंघन करता है और शराब परोसते या बेचते हुए पाया जाता है, तो उसका सार्वजनिक बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही संबंधित व्यक्ति से 51 हजार रुपये का कठोर आर्थिक दंड वसूला जाएगा।

ग्राम प्रधान रोशना देवी ने कहा कि शराब समाज के लिए एक बड़ा अभिशाप है। सार्वजनिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शराब बंद होने से जहां लोगों का अनावश्यक खर्च बचेगा, वहीं समाज में एक सकारात्मक संदेश भी जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में शराबबंदी को सख्ती से लागू किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस निर्णय को समाज हित में बताते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। वक्ताओं ने कहा कि नशा मुक्त गांव से ही स्वस्थ और संस्कारित समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर ग्राम गणन्य मोहन सिंह फर्स्वाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य वर्षा देवी, वन पंचायत सरपंच शिशुपाल सिंह भंडारी, त्रिलोक सिंह बिष्ट, भवान सिंह, भगत सिंह, देवेश्वरी देवी, बाली देवी सहित ग्राम सभा के सभी सदस्य मौजूद रहे।
बैठक का समापन शराबमुक्त और सशक्त गांव के संकल्प के साथ किया गया।

