नगर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर तेज पहल, इंस्टेंट पॉटहोल रिपेयर से गड्ढों की त्वरित मरम्मत

नगर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर तेज पहल, इंस्टेंट पॉटहोल रिपेयर से गड्ढों की त्वरित मरम्मत

स्थान : पौड़ी

ब्यूरो रिपोर्ट

पौड़ी। नगर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक प्रभावी और तेज पहल शुरू की गई है। सड़कों पर बने छोटे-बड़े गड्ढों की मरम्मत के लिए अब इंस्टेंट पॉटहोल रिपेयर रेडीमिक्स का उपयोग किया जा रहा है।

यह रेडी-टू-यूज़ कोल्ड मिक्स मटेरियल है, जिसे गर्म करने की आवश्यकता नहीं पड़ती और इससे गड्ढों की मरम्मत बेहद कम समय में संभव हो पा रही है। खास बात यह है कि मरम्मत के तुरंत बाद ही सड़क पर यातायात सुचारु रूप से चालू हो जाता है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पूर्व में प्रदेशभर की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के क्रम में यह पहल अब धरातल पर दिखाई देने लगी है।

यह कार्रवाई जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में पूर्व में आयोजित सड़क सुरक्षा बैठक में लिए गए निर्णय के बाद शुरू की गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर क्षेत्र में समय पर गड्ढों की मरम्मत कर दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बैठक में निर्णय लेकर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

इस अभियान को गति देने में परिवहन विभाग की अहम भूमिका रही है। विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के तहत गड्ढों को चिन्हित कर त्वरित मरम्मत कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया गया, ताकि दुर्घटना संभावित स्थलों पर तुरंत सुधार किया जा सके।

परिवहन विभाग का यह प्रयास विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अभियान के तहत अब तक बुआखाल वाली सड़क, विकासखंड पौड़ी मार्ग, कंडोलिया की ओर जाने वाला मार्ग, श्रीनगर रोड तथा बस स्टेशन की ओर स्थित कई स्थानों पर गड्ढों को भरकर सड़क को दुरुस्त किया जा चुका है।

सड़क मरम्मत कार्य के दौरान परिवहन विभाग द्वारा नगर निकायों एवं लोक निर्माण विभाग से भी समन्वय कर सहयोग प्राप्त किया गया। विभागीय तालमेल के चलते यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराया जा रहा है।