औली में कम बर्फ के बावजूद बच्चों को मिल रहा स्नो स्कीइंग का प्रशिक्षण

औली में कम बर्फ के बावजूद बच्चों को मिल रहा स्नो स्कीइंग का प्रशिक्षण

स्थान : औली
ब्यूरो रिपोर्ट

सूबे की शीतकालीन पर्यटन स्थली औली की बर्फीली ढलानों पर इस बार अपेक्षाकृत कम बर्फ होने के बावजूद साहसिक गतिविधियां जारी हैं। इन दिनों ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र के पीएम श्री आदर्श विद्यालयों के बच्चों को औली में स्नो स्कीइंग का बेसिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) ज्योतिर्मठ की छात्राएं अक्षिता बिष्ट, माही डिमरी, आरोही, अंकिता आशमी सहित अन्य छात्राएं इस बेसिक एडवेंचर स्कीइंग कोर्स में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रही हैं। यह प्रशिक्षण “एडवेंचर एंड नेचर स्टडी कैंप” के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।

कोर्स कोऑर्डिनेटर एवं पीएम श्री आदर्श जीजीआईसी ज्योतिर्मठ की शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षिका कु. कविता ने बताया कि यह कैंप का दूसरा दिन है और बच्चों को साहसिक गतिविधियों से जोड़ने का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्कीइंग जैसे खेलों से बच्चों में आत्मविश्वास, साहस और अनुशासन का विकास होता है।

स्नो स्कीइंग प्रशिक्षण साहसिक पर्यटन कारोबारी रविन्द्र कंडारी के मार्गदर्शन में कराया जा रहा है। इसमें अनुभवी नेशनल स्कीइंग एथलीट संगीता भट्ट के साथ महेंद्र भुजवान, प्रमोद पंवार, प्रियांशी और भारती बच्चों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को स्की इक्यूपमेंट को संभालने, बर्फ में लाने-ले जाने, स्की से जुड़ी बेसिक जानकारी और सेफ्टी लेसन्स सिखाए जा रहे हैं। प्रारंभिक अभ्यास के बाद अब बच्चे ढलानों पर स्नो स्कीइंग की बारीकियां सीख रहे हैं।

औली में आयोजित यह प्रशिक्षण न सिर्फ बच्चों के लिए रोमांचक अनुभव बन रहा है, बल्कि भविष्य में राज्य के लिए नए स्कीइंग खिलाड़ियों की संभावनाओं को भी मजबूत कर रहा है।