
स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर – धर्मराज

हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र से चिकित्सा पेशे को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक निजी अस्पताल में इलाज के नाम पर भर्ती महिला के साथ कथित तौर पर फर्जी डॉक्टर ने बेहोशी का इंजेक्शन देकर अश्लील हरकतें कीं। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


पीड़िता के परिजनों के अनुसार, महिला को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी डॉक्टर ने महिला को इंजेक्शन देकर बेहोश किया और उसके साथ छेड़छाड़ की।


होश में आने पर महिला ने जब विरोध किया और शोर मचाया तो अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी।

महिला के पिता की तहरीर पर मंगलौर कोतवाली पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रिजवान निवासी मुख्याली खुर्द, लक्सर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके फर्जी डॉक्टर होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, जिसमें आरोपी की शैक्षणिक योग्यता और अस्पताल की भूमिका भी शामिल है।

इस घटना ने एक बार फिर चिकित्सा पेशे की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इलाज की आड़ में अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

