पौड़ी में दुकान के अंदर व्यापारी का शव मिलने से मचा हड़कंप

पौड़ी में दुकान के अंदर व्यापारी का शव मिलने से मचा हड़कंप

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

पौड़ी शहर के धारा रोड क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दुकान के अंदर व्यापारी का शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह आसपास के व्यापारियों ने देखा कि एक दुकान खुली हुई है और दुकानदार अंदर अचेत अवस्था में लेटा हुआ है। कई बार आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो तुरंत पौड़ी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

कोतवाली पौड़ी के एसएसआई राज विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान विजय आनंद सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

वहीं व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा कि एक व्यापारी का अपनी ही दुकान में इस तरह मृत मिलना बेहद चिंताजनक है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और व्यापारी समाज को उम्मीद है कि जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।

घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में शोक का माहौल है। सभी दुकानदारों ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने की बात कही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।