हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्र में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा

हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्र में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्र दादूपुर गोविंदपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्क्रैप के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के मकानों तक लपटें पहुंचने लगीं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मायापुर से अग्निशमन विभाग की सात फायर यूनिटें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और आसपास के रिहायशी इलाकों को सुरक्षित बचा लिया गया।

घटना के दौरान बहादराबाद क्षेत्र में स्थित गोदाम के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

हरिद्वार जिला प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।