
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट
राजधानी दून में लगातार खराब बनी सफाई व्यवस्था को लेकर अब बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। शहरी विकास विभाग ने नगर निगम देहरादून के मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना को उनके पद से हटा दिया है।


यह कार्रवाई शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार न होने और अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन न करने के आरोपों के चलते की गई है।


लंबे समय से शहर में गंदगी, कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आ रही थीं, जिसके बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया।

इस संबंध में सचिव शहरी विकास नितेश झा की ओर से आदेश जारी किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई और जिम्मेदार अधिकारी के स्तर पर अपेक्षित कार्यवाही नहीं की गई, जिसके चलते यह कदम उठाया गया।

शहरी विकास विभाग की इस कार्रवाई के बाद नगर निगम प्रशासन में हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सफाई व्यवस्था को लेकर और भी सख्ती बरती जा सकती है, ताकि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।


