
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट
हाल ही में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें उपनल कर्मियों की लंबे समय से चली आ रही मांग “समान कार्य, समान वेतन” पर लिया गया फैसला खास तौर पर चर्चा में रहा। इस निर्णय से उपनल कर्मियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।


कैबिनेट के फैसले के बाद उपनल कर्मियों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। कर्मियों ने कहा कि यह निर्णय वर्षों से चली आ रही उनकी मांगों की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम है।


गौरतलब है कि इससे पहले समान कार्य समान वेतन की व्यवस्था केवल 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले उपनल कर्मियों के लिए लागू थी। अब कैबिनेट के नए निर्णय के तहत 10 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले उपनल कर्मी भी इस दायरे में आ सकेंगे।


इस संबंध में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उपनल कर्मियों की मांगों पर लंबे समय से गंभीरता से विचार किया जा रहा था। इसी उद्देश्य से एक उप समिति का गठन किया गया था, जिसकी जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई थी।


उन्होंने बताया कि उप समिति की सिफारिशों के आधार पर कैबिनेट ने उपनल कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह अहम निर्णय लिया है। इससे बड़ी संख्या में उपनल कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा।


सुबोध उनियाल ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी अन्य उपनल कर्मियों के लिए चरणबद्ध प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि सभी को न्याय मिल सके और उनकी सेवाओं का उचित सम्मान हो।

उपनल कर्मियों ने उम्मीद जताई कि सरकार आगे भी उनकी समस्याओं को इसी तरह संवेदनशीलता से समझते हुए समाधान करेगी।

