देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर पर्यटकों ने हवा में लहराए हथियार, 9 गिरफ्तार

देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर पर्यटकों ने हवा में लहराए हथियार, 9 गिरफ्तार

लोकेशन- रायवाला

संवाददाता – सागर रस्तोगी

हरियाणा से उत्तराखंड घूमने आए पर्यटकों को सड़क पर नकली हथियार लहराना भारी पड़ गया। देहरादून से हरिद्वार की ओर जाते समय इन पर्यटकों ने अपनी कारों से हवा में हथियार लहराकर सरेआम हुड़दंग किया। किसी राहगीर ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया, और एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर रायवाला थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हरिपुर कला के पास वाहनों की चेकिंग की। पुलिस ने दो महिलाओं समेत कुल 9 पर्यटकों को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी में मिली नकली बंदूकें

वाहनों की तलाशी के दौरान पुलिस को दो बंदूकें मिलीं, जो बाद में डमी (नकली) निकलीं। हालांकि हथियार नकली होने के बावजूद, सार्वजनिक स्थान पर भय और अराजकता फैलाने के आरोप में सभी पर्यटकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

वाहन सीज, लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति

थाना रायवाला प्रभारी निरीक्षक ने जानकारी दी कि सभी पर्यटकों के वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। साथ ही, ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को संस्तुति भेज दी गई है।

अपराधियों की पहचान और व्यवहार

गिरफ्तार सभी पर्यटकों की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद निवासी के रूप में हुई है। पुलिस हिरासत में पहुंचने के बाद आरोपी पर्यटक कान पकड़कर माफी मांगते हुए नजर आए और बार-बार दोबारा ऐसा न करने की बात दोहराते रहे।

पुलिस की सख्ती की सराहना

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने पुलिस की तत्परता और सख्ती की प्रशंसा की है। लोग कह रहे हैं कि, “उत्तराखंड में असली तो क्या, नकली हथियार लहराने पर भी जेल जाना तय है।” यह कार्रवाई एक स्पष्ट संदेश देती है कि शांतिपूर्ण राज्य में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।