


रामनगर

रामनगर क्षेत्र में 13 जून की रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की हुई निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिकंदर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त नुकीला सूजा (हथियार) और मृतक की लापता बाइक भी बरामद की गई है।



इस सफल अन्वेषण पर एसएसपी नैनीताल द्वारा पुलिस टीम को इनाम देने की घोषणा की गई है।

प्रेमिका को परेशान करने से उपजा विवाद
रामनगर कोतवाल के अनुसार, इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब मुख्य आरोपी सिकंदर की महिला मित्र को अविनाश नामक युवक द्वारा बार-बार फोन कर परेशान किया जा रहा था। इसकी शिकायत सिकंदर को मिली, जिसने अविनाश को फोन कर ऐसा न करने की चेतावनी दी। इसी दौरान दोनों के बीच फोन पर बहस हो गई।



13 जून की रात को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गंभीर मारपीट व खूनी संघर्ष हुआ। इस संघर्ष में सिकंदर भी घायल हुआ। वहीं, सिकंदर ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राम बेड़ाझाल निवासी सारिम के सीने में धारदार नुकीले सूजे से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

छह आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
कोतवाल ने बताया कि मृतक सारिम के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त हैं:

- सिकंदर (मुख्य आरोपी)
- आसिफ
- दानिश
- अदनान
- शाहरुख
- फैजान
(सभी निवासी: रामनगर)

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त नुकीला हथियार और मृतक की बाइक भी बरामद की है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


फरार अभियुक्तों की तलाश जारी
कोतवाल ने बताया कि मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


