
स्थान:- जसपुर (उधम सिंह नगर)
रिपोर्टर :- प्रदीप श्रीवास्तव
माता अहिल्याबाई होलकर जयंती पर सैनिकों के सम्मान में निकाली गई यात्रा, हर वर्ग की रही भागीदारी
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता और सैनिकों के शौर्य को समर्पित तिरंगा यात्राओं का क्रम देशभर में लगातार जारी है। इसी क्रम में उत्तराखंड के जसपुर नगर में भी एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।


यात्रा का आयोजन काशीपुर भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल की उपस्थिति और प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर किया गया। यह यात्रा विशेष रूप से माता अहिल्याबाई होलकर जयंती के अवसर पर रखी गई थी, जो महिला शक्ति और राष्ट्र भक्ति का प्रतीक बन गई।
राज्य मंत्री कैलाश पंत रहे मुख्य अतिथि
इस तिरंगा यात्रा में दर्जा राज्य मंत्री कैलाश पंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने यात्रा से पूर्व पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा,


“भारत की जनता जब-जब संकट में होती है, तब-तब एकजुट होकर दुश्मनों को करारा जवाब देती है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के भीतर घुसकर आतंकियों का सफाया कर देश की रक्षा की मिसाल पेश की है।”
उन्होंने कहा कि यह यात्रा न केवल वीर जवानों को श्रद्धांजलि है, बल्कि पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकवाद के खिलाफ एकजुट भारत की चेतावनी भी है।


तिरंगा यात्रा का रूट और जनभागीदारी
तिरंगा यात्रा शाम 5:00 बजे जसपुर नगर के सुभाष चौक से आरंभ हुई। यह कोतवाली, ठाकुर मंदिर चौराहा और गांधी पार्क होते हुए झंडा चौक पर जाकर समाप्त हुई।
यात्रा में नगर के विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने हाथों में तिरंगा लिए पूरे उत्साह और जोश के साथ यात्रा में भागीदारी की। देशभक्ति गीतों और नारों से शहर का माहौल गूंज उठा।


पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख
यात्रा में शामिल नेताओं और नागरिकों ने पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद की कड़ी निंदा की और सरकार से आतंक के विरुद्ध कठोर कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अब देश जाग चुका है और आतंक के हर चेहरे को बेनकाब करने को तैयार है।



