देहरादून में धरना-प्रदर्शन और जुलूस पर रोक, बिना अनुमति होगी कार्रवाई

देहरादून में धरना-प्रदर्शन और जुलूस पर रोक, बिना अनुमति होगी कार्रवाई

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

राजधानी देहरादून में अब बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन, जुलूस और शोभा यात्राएं निकालने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने यह निर्णय आने वाले दिनों में बढ़ने वाली पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए लिया है। आदेश के तहत अब शहर में किसी भी प्रकार का धरना-प्रदर्शन या जुलूस निकालने से पहले प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आगामी समय में स्कूलों की छुट्टियां रहने वाली हैं, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटक देहरादून पहुंचेंगे। इसके अलावा देहरादून से मसूरी और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर भी लोगों की आवाजाही बढ़ेगी। न्यू ईयर, क्रिसमस और शीतकालीन यात्रा के चलते राजधानी में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।

एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि धरना-प्रदर्शन और जुलूस अक्सर यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करते हैं, जिससे आम जनता, पर्यटकों और आपातकालीन सेवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए बिना अनुमति ऐसे कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह कदम शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारू रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। प्रशासन ने सभी संगठनों और नागरिकों से सहयोग की अपील की है।