

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट


भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में धारी ब्लॉक स्थित हिमगिरी स्टेडियम, लेटिबुगा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने भीमताल विधानसभा सहित नैनीताल जनपद की लगभग 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत 100 करोड़ रुपये से अधिक है।



इस अवसर पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री के समक्ष भीमताल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास संबंधी मांगों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने ओखलकांडा, रामगढ़, पहाड़पानी, पदमपुरी एवं भीमताल के अस्पतालों के उच्चीकरण, धारी-ओखलकांडा के मध्य पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना, कोल्ड स्टोरेज खोलने, क्षेत्र के विद्यालयों को इंटर कॉलेज में उच्चीकृत करने, जोस्यूड़ा में डिग्री कॉलेज खोलने तथा भिड़ापानी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग की।



इसके साथ ही विधायक कैड़ा ने किसानों के हित में ओखलकांडा, धारी और रामगढ़ के मध्य उपमंडी खोलने, भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में प्राधिकरण व्यवस्था को निरस्त करने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी घोषणाएं करने का आग्रह किया।




मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में विधायक राम सिंह कैड़ा की सराहना करते हुए कहा कि जब भी वे उनसे मुलाकात करते हैं, हमेशा भीमताल विधानसभा के विकास से जुड़े मुद्दे सामने रखते हैं और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। मुख्यमंत्री ने विधायक के कार्यों की खुले मंच से प्रशंसा की और उनकी मांगों पर भीमताल विधानसभा के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।


जनसभा के समापन पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की ये घोषणाएं भीमताल विधानसभा के विकास को नई दिशा देंगी और क्षेत्र की जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।


