

लोकेशन : रुद्रपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


प्रादेशिक बंगाली कल्याण समिति, उत्तराखंड ने ओडिशा के मलकानगिरी जिले में हाल ही में हुई गंभीर हिंसक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। समिति की ओर से राष्ट्रपति महोदय के नाम एक विस्तृत प्रतिवेदन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया, जिसमें क्षेत्र में हुई आगजनी, लूटपाट, अत्याचार और प्रशासनिक लापरवाही का उल्लेख किया गया है।




समिति ने बताया कि 5 से 11 दिसंबर के बीच मलकानगिरी क्षेत्र में लगातार हिंसक घटनाएं सामने आईं। प्रतिवेदन के अनुसार 7 दिसंबर को पुलिस की मौजूदगी के बावजूद 13 घरों को आग के हवाले कर दिया गया। वहीं 8 दिसंबर को करीब 40 हजार नागरिकों द्वारा किए गए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के बाद भी 26 एमवी क्षेत्र में दोबारा हिंसा भड़क उठी, जिसमें पूरा गांव जल गया और कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए।



समिति ने आरोप लगाया कि हालात को नियंत्रित करने में प्रशासन पूरी तरह विफल रहा, जिससे आम नागरिकों की जान-माल को भारी नुकसान हुआ। प्रतिवेदन में उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराए जाने, हिंसा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उन्हें उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।



इस मौके पर समिति के महासचिव नारायण हालदार, मानवेन्द्र, पूर्व विधायक महाजन, ममता हालदार, परिमल राय, समीर राय, अर्जुन विश्वास, शिवम हालदार और प्रदेश मीडिया प्रभारी सत्यजीत सरकार सहित कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने केंद्र और राज्य सरकार से मामले में त्वरित हस्तक्षेप की अपील की है।



