लालढांग–चिल्लरखाल मोटर मार्ग को मिली मंजूरी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी

लालढांग–चिल्लरखाल मोटर मार्ग को मिली मंजूरी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

कोटद्वार की लाइफ लाइन माने जाने वाले लालढांग–चिल्लरखाल मोटर मार्ग को शासन से स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस फैसले का स्वागत किया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के करीबी एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला ने मोटर मार्ग की स्वीकृति पर सांसद अनिल बलूनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को मंजूरी दिलाने में सांसद ने लगातार प्रयास किए और विभिन्न स्तरों पर प्रभावी पैरवी की।

विपिन कैंथोला ने बताया कि लालढांग–चिल्लरखाल मोटर मार्ग के मामले में सांसद अनिल बलूनी ने सर्वोच्च न्यायालय में हस्तक्षेप याचिका दायर की थी। उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने निर्णय में इस मार्ग को कोटद्वार क्षेत्र की जनता के लिए महत्वपूर्ण बताया था।

उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्णय और जनहित को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने इस परियोजना को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। मार्ग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है, जिससे अब निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस सड़क के बनने से कोटद्वार और रामनगर के बीच संपर्क बेहतर होगा। इससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

कार्यकर्ताओं ने इसे लंबे समय से लंबित जनभावना से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही आपातकालीन सेवाओं और विकास कार्यों को भी मजबूती मिलेगी।

भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि लालढांग–चिल्लरखाल मोटर मार्ग का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कोटद्वार क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी।