
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोट

उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का प्रदेशभर में विधिवत आगाज़ हो गया है। इस वर्ष करीब 2 लाख 15 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिसे लेकर शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं।


परीक्षाएं उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन के तत्वावधान में आयोजित की जा रही हैं। पूरे प्रदेश में कुल 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, उड़नदस्तों (सचल दल) का गठन और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था की गई है।

डॉ. सती ने बताया कि सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी भी सुनिश्चित की गई है।


उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


प्रदेशभर में परीक्षा के पहले दिन का माहौल शांतिपूर्ण रहा। अभिभावकों और विद्यार्थियों में उत्साह के साथ-साथ थोड़ी घबराहट भी देखने को मिली, लेकिन प्रशासन की तैयारियों से व्यवस्था संतोषजनक रही।

