डिंगाडी में ‘जन-जन की सरकार’ अभियान का समापन

डिंगाडी में ‘जन-जन की सरकार’ अभियान का समापन

स्थान : उत्तरकाशी 
ब्यूरो रिपोट

बड़कोट क्षेत्र में पिछले दो माह से संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन चला गांव की ओर’ अभियान का शनिवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर यमुनाघाटी के सुदूरवर्ती सरबड़ियार क्षेत्र के डिंगाडी गांव में विशेष शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल की उपस्थिति में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिलाधिकारी और विधायक ने करीब तीन किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पैदल तय कर गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

शिविर में कुल 16 समस्याएं और शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।

ग्रामीणों की मांग पर जिलाधिकारी ने आपदा से क्षतिग्रस्त मुराड़ी पुल के एबेटमेंट और संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 8 लाख रुपये की धनराशि तत्काल स्वीकृत की। साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।

गंगराली–डिंगाडी–किमडार–सरगांव और किमडार–पौंटी–गौल–छानिका सड़क मार्गों की स्थिति के संबंध में ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई से जानकारी मांगी। इस पर पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता ने बताया कि संबंधित मार्ग स्वीकृत हो चुके हैं और डीपीआर तैयार है, जिसे शीघ्र भारत सरकार को भेजा जाएगा।

विधायक दुर्गेश्वर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस अभियान के माध्यम से अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि सरबड़ियार क्षेत्र के लिए 42 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत हो चुकी हैं और लगभग 28 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य वर्ष के अंत तक शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।

ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने किमडार, लेवटाडी, डिंगाडी और कंसलों गांव को 4-4 लाख रुपये तथा पौंटी, छानिक, गौल और सर गांव को 3-3 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। इस प्रकार कुल 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन और त्वरित समाधान पर संतोष व्यक्त किया।