श्यामपुर में 9.51 ग्राम स्मैक संग युवक गिरफ्तार

श्यामपुर में 9.51 ग्राम स्मैक संग युवक गिरफ्तार

लोकेशन – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोट

ऋषिकेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। नशा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

इसी क्रम में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। अभियान के दौरान पुलिस टीम रेलवे ट्रैक के पास गहन जांच कर रही थी।

गश्त के दौरान श्यामपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह सकपका गया, जिससे टीम का शक और गहरा गया। पुलिस ने तुरंत उसे रोककर पूछताछ शुरू की।

तलाशी लेने पर युवक की शर्ट की जेब से एक पारदर्शी पन्नी में भूरा रंग का नशीला पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर ही क्राइम डिटेक्शन किट से जांच की गई, जिसमें पदार्थ के स्मैक होने की पुष्टि हुई।

बरामद स्मैक का कुल वजन 9.51 ग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान अनूप कंडियाल निवासी गढ़ी मयचक, श्यामपुर, ऋषिकेश के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्मैक हरिद्वार से खरीदकर लाया था। उसका उद्देश्य इसे ऋषिकेश क्षेत्र में आने-जाने वाले राहगीरों को बेचकर मुनाफा कमाना था। अधिक पैसे कमाने के लालच में उसने तस्करी का रास्ता अपनाया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।