लोहाघाट से टनकपुर तक डाउनहिल साइकिल रैली

लोहाघाट से टनकपुर तक डाउनहिल साइकिल रैली

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोट

चंपावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 के तहत शनिवार को पर्यटन विभाग के सौजन्य से लोहाघाट से टनकपुर तक डाउनहिल साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस साहसिक प्रतियोगिता में आईटीबीपी के 15 जवानों सहित पांच स्थानीय युवाओं ने प्रतिभाग किया। रैली को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

रैली का शुभारंभ लोहाघाट स्थित आईटीबीपी के छमनिया कैंप से किया गया। आईटीबीपी कमांडेंट संजय कुमार एवं जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया और सभी को शुभकामनाएं दीं।

कमांडेंट संजय कुमार ने कहा कि महोत्सव के अंतर्गत एडवेंचर खेलों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्थानीय युवा बढ़-चढ़कर इन गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि डाउनहिल साइकिल रैली में आईटीबीपी का पूरा सहयोग रहा है और 15 जवान भी इसमें शामिल हुए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जिले में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए आईटीबीपी हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को नया मंच मिलता है और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बल मिलता है।

जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस महोत्सव के तहत रिवर राफ्टिंग, साइकिलिंग, पैरामोटरिंग, एंगलिंग और बर्ड वॉचिंग जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज शुरू हुई डाउनहिल साइकिल रैली लोहाघाट से टनकपुर स्टेडियम तक पहुंचेगी।

उन्होंने जानकारी दी कि एक दिन विश्राम के बाद चूका से खिरद्वारी तक ऑफ-रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस तरह की प्रतियोगिताओं से चंपावत जिला साहसिक एडवेंचर पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।

प्रतिभागियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। छह स्थानों पर विश्राम स्थल बनाए गए हैं, साथ ही एंबुलेंस और पुलिस बल की तैनाती भी की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग की ओर से कमांडेंट आईटीबीपी को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी बेगराज मीणा, एसीजीडी जितेंद्र रावत, मनमोहन सिंह, प्रिंस दत्ता, गौरव कुमार, एसीएमओ शुभम मोहन, असरा बैतूल सना, सूबेदार मेजर दिनेश सिंह बिष्ट, सूबेदार जी.एल. वर्मा सहित आईटीबीपी के अधिकारी, जवान और पर्यटन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।