बिरही में जनजाति समागम 2026 का भव्य समापन

बिरही में जनजाति समागम 2026 का भव्य समापन

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली के बिरही (बेडूबगड़) में आयोजित तीन दिवसीय “जनजाति समागम 2026” के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। यह आयोजन नीति-माणा जनजाति कल्याण समिति, चमोली की ओर से किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया और उपस्थित जनसमूह का अभिनंदन किया। इस अवसर पर भोटिया समुदाय की नीति-माणा क्षेत्र की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में मुख्यमंत्री का स्वागत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने सदियों से अपनी विशिष्ट परंपराओं और प्रकृति संरक्षण की भावना से समाज को दिशा दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले जनजातीय भाई-बहन देश के सजग प्रहरी हैं। वे न केवल अपनी संस्कृति की रक्षा करते हैं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा। जनजाति समागम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि राज्य के सीमांत क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।