श्रीनगर में 81 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र

श्रीनगर में 81 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोट

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक और सामरिक विषयों से जुड़े आयोजनों में हिस्सा लेते हुए युवाओं और शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।

मंत्री ने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सीडीएस के साथ स्वामी मनमंथन प्रेक्षागृह में “सामरिक सोच एवं राष्ट्रीय सुरक्षा” विषय पर आयोजित व्याख्यान में भाग लिया। उन्होंने बोर्ड परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों के लिए चयनित 81 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर नवनियुक्त शिक्षकों और उनके परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिला।

डॉ. धन सिंह रावत ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि उनके विभागों में अब तक लगभग 24 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि अब विद्यालयों में शिक्षकों की कमी नहीं रहने दी जाएगी और प्रत्येक विद्यालय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज के बच्चे ही देश और प्रदेश का भविष्य हैं।

कैबिनेट मंत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विशेष तैयारी की जाए। उनकी रुचि के अनुसार खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि उत्तराखंड के छात्र-छात्राएं भविष्य में ओलंपिक जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

कार्यक्रम में पूर्व दायित्वधारी राज्य मंत्री अतर सिंह असवाल, मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी, पूर्व जिला अध्यक्ष संपत रावत, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष जगमोहन नेगी, जिला सोशल मीडिया प्रभारी सीमा भंडारी, नगमा तौफीक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।