पीपल पड़ाव रेंज में संदिग्ध हालात में हाथी की मौत

पीपल पड़ाव रेंज में संदिग्ध हालात में हाथी की मौत

स्थान : गदरपुर
ब्यूरो रिपोट

गदरपुर क्षेत्र के तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर की पीपल पड़ाव रेंज अंतर्गत तिलपुरी गांव डाम अंदर क्षेत्र में एक जंगली हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर की टीम हरकत में आ गई। रेंज अधिकारी पुरानचंद जोशी और एसडीओ शशि देव सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

वन विभाग की टीम ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

हाथी की मौत किन कारणों से हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। वन विभाग प्राकृतिक मौत, करंट या अन्य किसी संदिग्ध कारण समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि हाथी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

फिलहाल मौके पर वन विभाग की टीम तैनात है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।