
लोकेशन – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोट

नगर की हृदय स्थली त्रिवेणी घाट पर हर साल की तरह इस वर्ष भी साई भक्तों के लिए भव्य आयोजन होने जा रहा है। हजारों श्रद्धालुओं को साई बाबा का गुणगान करने और भक्ति में सराबोर होने का अवसर मिलेगा। दो दिवसीय इस कार्यक्रम को लेकर भक्तों में अभी से उत्साह देखा जा रहा है।


कार्यक्रम का शुभारंभ 25 फरवरी को हरिद्वार रोड स्थित साई घाट से किया जाएगा। सुबह के समय श्री साई पालकी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

इस आयोजन की जिम्मेदारी श्री साई गंगा सेवा समिति ने संभाली है। समिति के पदाधिकारियों ने देहरादून रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।


समिति ने बताया कि यह आठवीं बार है जब शहर में श्री साई पालकी की भव्य शोभायात्रा और भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष इस कार्यक्रम में भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे इसकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

25 फरवरी की सुबह साई घाट से निकलने वाली शोभायात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए त्रिवेणी घाट पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए बाबा के जयकारे लगाएंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा।


शाम को त्रिवेणी घाट पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर ऋषिकेश के प्रसिद्ध भजन गायक सौरभ राज और दिल्ली के भजन गायक तरुण सागर बाबा के नाम का गुणगान करेंगे।

कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 26 फरवरी को साई घाट पर बाबा के प्रसाद स्वरूप भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से समिति के सदस्यों ने शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस दो दिवसीय कार्यक्रम में सहभागिता करें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।

