
स्थान -मसूरी

ब्यूरो रिपोट

मसूरी का झड़ीपानी- कुल्हूखेत मार्ग पिछले एक दशक से खस्ता हाल है और स्थानीय लोग लगातार इसकी मरम्मत की मांग कर रहे हैं। नगर पालिका ने फिलहाल केवल लगभग 300 मीटर का पैच वर्क किया है, जो शहर के लिए अपर्याप्त माना जा रहा है।


यह मार्ग सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। यहां स्कूली छात्र-छात्राओं, प्रशिक्षण ले रहे लोगों और स्थानीय निवासियों का आवागमन होता है। आपदा के समय यह मार्ग और भी महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि इसी से लोग अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं।

स्थानीय निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप भंडारी ने बताया कि पिछले दस साल से इस मार्ग की मरम्मत की मांग की जा रही है। उन्होंने नगर पालिका से आग्रह किया कि बरसात से पहले पूरे मार्ग की मरम्मत की जाए। उनका कहना है कि शहर में अन्य सड़कों की स्थिति भी खराब है और यदि इस मार्ग की मरम्मत नहीं हुई तो पर्यटन पर भी असर पड़ेगा।


यह मामला शहर की सुरक्षा, नागरिक सुविधा और पर्यटन को प्रभावित करने वाला है, और स्थानीय लोगों की नजरें नगर पालिका की ओर टिकी हैं।


