
स्थान ; हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण को लेकर 24 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई से ठीक पहले पुलिस ने इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध तमंचे और प्रतिबंधित AK-47 का कारतूस बरामद किया है।


पुलिस ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी पूर्व में पॉक्सो मामले में जेल जा चुका है और इसी कारण उसे नैनीताल के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक पद से बर्खास्त किया गया था।

पुलिस के अनुसार, थाना बनभूलपुरा की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि गौजाजाली उत्तर स्थित आयशा मस्जिद के पास एक घर में अवैध हथियार रखे हैं। इस सूचना पर टीम ने तुरंत छापा मारा।

तलाशी के दौरान आरोपी मोबिन खान के पास से 315 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस, 12 बोर का एक तमंचा और चार कारतूस, साथ ही 7.62 एमएम का एक कारतूस (जो AK-47 में इस्तेमाल होता है) और 7.65 एमएम के 10 कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से हथियार दिखाकर अपने परिवार को डराता-धमकाता था। तलाशी में हथियार घर की अलमारी के ऊपर छिपाकर रखे मिले, जिससे यह स्पष्ट होता है कि आरोपी उन्हें छिपाकर रख रहा था।

आरोपी को धारा 3/25 और 7/25(1क) आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति संदिग्ध प्रतीत हो रही है और छापेमारी के दौरान उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश भी की।

पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है कि प्रतिबंधित कारतूस कहां से प्राप्त किए गए और उनका उद्देश्य क्या था। इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई से पहले संवेदनशील माना जा रहा है।
पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस मामले पर कड़ी नजर रखें। बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण से जुड़े विवाद के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत किया गया है।

