पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया

पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया

स्थान -देहरादून

ब्यूरो रिपोट

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश भर में संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के व्यापक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि राज्य में एक सुनियोजित अभियान के तहत मंडल, बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन कार्यशालाओं का उद्देश्य पार्टी की रीति-नीति, कार्यपद्धति और वैचारिक प्रतिबद्धता को जमीनी स्तर तक सुदृढ़ करना है, ताकि कार्यकर्ता समाज जीवन में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।

प्रदेश स्तर पर आयोजित प्रारंभिक कार्यशालाओं के बाद जिलों और मंडलों में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ नेताओं, अनुभवी पदाधिकारियों और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

धामी ने कहा कि लंबे अनुभव वाले नेता कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली, विचारधारा और जनसेवा के मूल मंत्र से अवगत कराएंगे। इससे कार्यकर्ता समाज के बीच बेहतर संवाद और प्रभावी सेवा प्रदान कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना भी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

उन्होंने संकेत दिया कि प्रदेश में शीघ्र ही एक नई यात्रा शुरू होने वाली है, जिसके माध्यम से सरकार और संगठन की नीतियों तथा उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाया जाएगा।

धामी ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर संगठन और अधिक सशक्त होकर उभरेगा और जनसेवा में नई ऊर्जा का संचार होगा।