कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर मामलों के निस्तारण और जनसेवा में सुधार के निर्देश दिए

कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर मामलों के निस्तारण और जनसेवा में सुधार के निर्देश दिए

स्थानं -अल्मोडा

रिपोटर -संजय जोशी

अल्मोड़ा। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने आज अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा और अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कलेक्टर कोर्ट में लंबित वादों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया और कहा कि जिलाधिकारी अपने अधीनस्थ न्यायालयों में चल रहे मामलों की नियमित समीक्षा करें।

आयुक्त ने रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण तथा डिजिटलीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों पर वर्षवार स्टीकर चस्पा किए जाएं ताकि अभिलेखों को ट्रेस करना आसान हो और स्वतंत्रता से पूर्व के अभिलेखों को सुरक्षित रखने की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा, उन्होंने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ त्वरित और पारदर्शी ढंग से मिले तथा जनसेवा में संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखी जाए।

निरीक्षण में जिलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।