
स्थान -सितारगंज

ब्यूरो रिपोट

सितारगंज विधानसभा क्षेत्र की बरा चौकी के अंतर्गत शहदौरा गांव में 7 फरवरी को खेत में गौवंश के अवशेष मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना पर कुछ संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला और संवेदनशील हो गया।

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर विशेष समुदाय के धार्मिक स्थलों को लेकर आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान दिए। यह कथित बयान बरा चौकी इंचार्ज की मौजूदगी में दिया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि बयान में पूरे जिले में माहौल बिगाड़ने और धार्मिक स्थलों के साथ छेड़छाड़ करने जैसी धमकी दी गई, जिससे साम्प्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

इसी मामले को लेकर सितारगंज महाविद्यालय के पूर्व कोषाध्यक्ष तुषार शर्मा अपने अधिवक्ता मुशीर अहमद और अन्य लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ हेट स्पीच के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की।


शिकायतकर्ता तुषार शर्मा का कहना है कि सार्वजनिक रूप से इस प्रकार का बयान देना अत्यंत गंभीर मामला है। उनका आरोप है कि पुलिस के सामने ही पूरे उत्तराखंड में हालात बिगाड़ने की धमकी दी गई, जो कानून-व्यवस्था के लिए खतरा है।

अधिवक्ता मुशीर अहमद ने भी बयान को आपत्तिजनक, उकसाने वाला और दो समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने वाला बताया। उनका कहना है कि इस तरह के कथन धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं और क्षेत्र की शांति व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं।

मामले के तूल पकड़ने के बाद स्थानीय प्रशासन पर निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और पूरे प्रकरण की जांच की बात कही है।
क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर किसी भी भड़काऊ सामग्री को साझा करने से बचें।

