
9 फरवरी 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर आज अंतिम फैसला होने की संभावना है। रविवार को ICC और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच हुई बैठक में मुकाबला कराने के आसार बढ़ गए हैं। मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित है।

बैठक में ICC के प्रतिनिधि इमरान ख्वाजा और मुबाशिर उस्मानी लाहौर पहुंचे और PCB अधिकारियों से चर्चा की। बैठक में PCB प्रमुख मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी शामिल हुए। बैठक करीब पांच घंटे चली।

PCB ने भारत से खेलने पर तीन शर्तें रखीं। पहला, ICC की कुल कमाई में पाकिस्तान का हिस्सा बढ़ाया जाए। दूसरा, भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज बहाल हो। तीसरा, मैदान पर हैंडशेक प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू किया जाए। यह मुद्दा एशिया कप के दौरान पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय टीम द्वारा पाकिस्तान खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने की घटना से जुड़ा है।


बैठक के बाद अंतिम निर्णय पाकिस्तान सरकार के पास है। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को रिपोर्ट देंगे। इसके बाद अगले 24 घंटे में पाकिस्तान की ओर से अंतिम फैसला सुनाया जा सकता है। ICC की कोशिश है कि मुकाबला किसी भी हालत में कराया जाए।

इस बीच, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने PCB को लिखा कि भारत-पाक मुकाबला न होने से टूर्नामेंट और रेवेन्यू दोनों को नुकसान होगा। SLC ने कहा कि भारत के साथ मिलकर टूर्नामेंट होस्ट कर रहे हैं और मैच का न होना आर्थिक नुकसान और टूर्नामेंट की इमेज पर असर डालेगा।

PCB ने 1 फरवरी को घोषणा की थी कि टीम टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करेगी। ICC ने पाकिस्तान को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की और कहा कि यह दुनियाभर के क्रिकेट सिस्टम को प्रभावित करेगा।


इस बीच भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को श्रीलंका दौरे पर जाएगी। ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान अपनी-अपनी तीन-तीन मैच खेलेंगे। पाकिस्तान नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया से भिड़ेगी, जबकि भारत अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड से मुकाबला खेलेगी। मैच होने या न होने का अंतिम फैसला मैदान पर मौजूद मैच रेफरी द्वारा लिया जाएगा।


