
स्थान : औली
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की शीतकालीन पर्यटन स्थल औली में 12 फरवरी से शुरू होने जा रहे विंटर कार्निवाल और नेशनल विंटर गेम्स को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।


आयोजक संस्था GMVN, पर्यटन विभाग, ITBP और उत्तराखंड शीतकालीन खेल संघ ने सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया है।

बर्फ से ढके खूबसूरत स्की ढलानों को सजाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

GMVN की तकनीकी टीम ने मुख्य स्की प्रशिक्षक किशोर डिमरी के नेतृत्व में इंटरनेशनल स्की फेडरेशन से मान्यता प्राप्त दक्षिण मुखी नन्दा देवी स्की स्लोप और ट्री लाइन स्लोप के दोनों छोरों पर सेफ्टी नेट लगा दिया है।


आयोजकों ने बताया कि आज दोनों स्लोप का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के बाद इन ढलानों पर अल्पाइन स्नो स्कीइंग रेस के लिए गेट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी स्लोप प्रतियोगियों के लिए सुरक्षित और चुनौतीपूर्ण हों।

औली विंटर कार्निवाल और नेशनल विंटर गेम्स को लेकर स्थानीय एथलीटों और पर्यटन कारोबारियों में उत्साह चरम पर है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से न केवल खेलों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन को भी नया रफ्तार मिलेगी।

इस बार विंटर कार्निवाल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सात सुरों के संगम के माध्यम से स्थानीय और राष्ट्रीय प्रतिभाओं का मंचन किया जाएगा।
आगंतुकों को बर्फीले ढलानों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद एक साथ मिलेगा।
खेल प्रतियोगिताओं में वाइट स्नो स्कीइंग, अल्पाइन स्कीइंग जाइंट स्लैलम, सलैलम, नॉर्डिक रेस, और स्नोबोर्डिंग शामिल हैं। उत्तराखंड के स्कियर्स, ITBP और विभिन्न राज्यों के एथलीट इन स्पर्धाओं में अपनी रफ्तार और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे।
इसके अलावा, आयोजन में स्की पर्वतारोहण का रोमांच भी देखने को मिलेगा।
GMVN और आयोजन समिति ने बताया कि सभी खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन उच्च सुरक्षा मानकों और अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार किया जाएगा।

